जतरा के कर्रा नाला का टूटा पुल बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष जगेश्वर भुइयर ने सोशल मीडिया पर उठाई आवाज…
संवाददाता: शशि सिदार
*लैलूंगा:जिला – रायगढ़, ग्राम पंचायत जतरा,भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष जगेश्वर भुईहर ने अपने गांव कर्रा नाला में टूटे हुए पुल की बदहाली को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। उन्होंने पुल की जर्जर स्थिति की तस्वीरें और वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा कर जिम्मेदार अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कर्रा नाला पर बना पुल करीब एक वर्ष पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल टूटने के बाद से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के मौसम में नाला उफान पर आने से स्कूली बच्चे, किसान और मरीजों को आवाजाही में जान जोखिम में डालनी पड़ती है।
जगेश्वर भुईहर ने कहा कि पुल की समस्या को लेकर वे लगातार प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत करा रहे हैं। “यह पुल भाजपा की वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ही टूटा है। जनपद CEO, कई जनप्रतिनिधि और विभागीय इंजीनियर मौके पर निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। अब फिर बरसात आ गई है और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है,” उन्होंने कहा।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं बनने से बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। कई बार मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाने की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं।
भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष ने सोशल मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की है कि मानसून को देखते हुए पुल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रति जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए जमीनी स्तर की समस्याओं का समाधान जरूरी है।
अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर उठी इस आवाज के बाद प्रशासन इस ओर कितनी गंभीरता से ध्यान देता है और ग्रामीणों को कब तक राहत मिल पाती है।









