कोयले से भरे दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत, एक चालक जिंदा जला… हाईवे पर मचा हड़कंप…
आवाम की आवाज़ न्यूज़ //भुनेश्वर निराला
रायगढ़। जिले के तमनार क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कोयले से लदे दो भारी ट्रेलरों की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। हादसे में एक चालक आग की लपटों में फंस गया और जिंदा बाहर नहीं निकल सका, जबकि दूसरे वाहन का चालक किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे ग्राम झिंकाबहाल के पास अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। देखते ही देखते सड़क पर दौड़ रहे दोनों ट्रेलर धू-धू कर जलने लगे। आग की ऊंची लपटें और उठता धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि एक ट्रेलर कोयला लेकर खदान क्षेत्र से डोंगामौआ की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा वाहन ओडिशा की दिशा से किसी औद्योगिक इकाई की ओर बढ़ रहा था। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लदा कोयला आग को और भड़काता चला गया, जिससे बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही तमनार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक एक चालक की मौत हो चुकी थी। आग इतनी भयावह थी कि मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं हादसे के बाद जान बचाकर निकला दूसरा चालक घटनास्थल से चला गया, जिसकी तलाश भी की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।









