रायगढ़ में नशे के नेटवर्क पर बड़ा वार: ओडिशा से मौत का सामान लाकर बेचने की तैयारी, 98 नशीले इंजेक्शन के साथ तस्कर गिरफ्तार…
आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला
रायगढ़। जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने एक बार फिर ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसने नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। इस बार पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को दबोचा है, जो पड़ोसी राज्य ओडिशा से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन लाकर रायगढ़ में खपाने की फिराक में था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मरीन ड्राइव क्षेत्र में एक युवक बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर ग्राहकों की तलाश में बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम सक्रिय हुई और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पुलिस की मौजूदगी देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन जवानों की सतर्कता के आगे उसकी एक न चली।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मनीष डंडरिया (22 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायगढ़ में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 98 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इन इंजेक्शनों को अवैध रूप से बेचने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं दिखा सका।
पुलिस ने मौके पर ही इंजेक्शन जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि आखिर यह खेप कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।









