Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

29/05/2026

प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: शादी टूटने के सदमे में युवक ने पेड़ पर लगाई फांसी, मौके से मिले 10 भावुक पत्र

Spread the love

आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला

सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित प्रेम प्रसंग से आहत होकर अपनी जान दे दी। तुनगुरी गांव के रहने वाले 33 वर्षीय चंदेश्वर राजवाड़े का शव गुरुवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से करीब 10 हस्तलिखित पत्र मिले हैं। शुरुआती जांच में इन्हें सुसाइड नोट माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि चंदेश्वर एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन उसकी शादी किसी दूसरे युवक से हो गई थी। इसी बात से वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। मृतक के परिचितों के अनुसार, शादी के बाद से वह अक्सर गुमसुम रहता था और लोगों से कम बातचीत करता था।

बरामद पत्रों में युवक ने एक व्यक्ति को संबोधित करते हुए लिखा है कि उसकी पत्नी और उसके बीच पहले प्रेम संबंध थे। उसने यह भी दावा किया कि उसने युवती को करीब 40 हजार रुपए दिए थे और उससे शादी का वादा किया गया था। पत्रों में भावनात्मक बातें लिखते हुए युवक ने खुद को ठगा हुआ महसूस करने का जिक्र किया है।

इतना ही नहीं, युवक ने कथित प्रेमिका के ससुर के नाम भी एक पत्र लिखा था। उसमें उसने महिला से भविष्य में शादी करने की इच्छा जताई और परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए। पत्रों में रिश्तों को लेकर दर्द, नाराजगी और टूटे भरोसे की बातें सामने आई हैं।

पुलिस के मुताबिक, ये सभी पत्र करीब एक साल पुराने बताए जा रहे हैं। कुछ पत्र डायरी के पन्नों पर लिखे गए हैं तो कुछ सादे कागजों पर। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये पत्र संबंधित लोगों तक पहुंचे थे या नहीं।

दरिमा पुलिस अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किन परिस्थितियों में मानसिक तनाव में आया और आत्महत्या के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी। बरामद पत्रों की हैंडराइटिंग और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भावनात्मक तनाव और रिश्तों में टूटन कई बार लोगों को अंदर से इतना तोड़ देती है कि वे गलत कदम उठा बैठते हैं।


Spread the love