Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

29/05/2026

शराब पार्टी में शुरू हुआ विवाद… फिर कार में ले जाकर कर दी हत्या! महानदी किनारे रेत में दफन मिला युवक का शव, निर्दलीय पार्षद समेत 3 गिरफ्तार….

Spread the love

आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला

रायपुर राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में युवक की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि युवक को पहले कार में अगवा किया गया, फिर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को महानदी किनारे रेत में दफनाकर पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की। अब इस मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान नकटी निवासी भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि 22 मई की शाम वह मंदिर हसौद इलाके में कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पानी को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि उसने अपने साथियों अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे के साथ मिलकर भुवनेश्वर को जबरन कार में बैठाया और महासमुंद की ओर ले गए।

महानदी किनारे सुनसान इलाके में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हाथ-मुक्कों और लातों से की गई पिटाई में भुवनेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपने एक रिश्तेदार की मदद ली और महानदी के किनारे टापूनुमा इलाके में गड्ढा खोदकर शव को रेत में दफना दिया। उन्हें लगा था कि हत्या का राज हमेशा के लिए दब जाएगा, लेकिन पुलिस जांच ने पूरा खेल उजागर कर दिया।

मामले की सूचना मिलने के बाद मंदिर हसौद पुलिस महासमुंद पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान रेत में दबा युवक का शव बरामद होते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने मामले में निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या विवाद अचानक इतना बढ़ गया था।

घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। एक मामूली विवाद का इतना खतरनाक अंजाम लोगों को झकझोर रहा है।


Spread the love