भीषण सड़क हादसे ने छीनी दो जिंदगियां, टिमरलगा में मातम…
सारंगढ़-बिलाईगढ़: (योगेश कुर्रे)जिले के टिमरलगा क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक और युवती की जिंदगी पलभर में खत्म कर दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक और युवती बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान टिमरलगा के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और भीषण हादसे का शिकार हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सड़क पर बिखरी बाइक और दोनों युवाओं की हालत देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं।
प्रारंभिक जानकारी में दोनों मृतकों के टेंडा नावापारा क्षेत्र के रहने वाले होने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है। आखिर हादसा तेज रफ्तार से हुआ या किसी अन्य वजह से, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
👉 ऐसी ही हर बड़ी और ताजा खबर के लिए जुड़े रहिए।









