मनरेगा कार्य के दौरान आसमान से बरपा कहर… बिजली गिरने से पिता जिंदगी और मौत के बीच, बेटी बाल-बाल बची…
आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला
बिलासपुर के गतौरा गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब मनरेगा कार्य स्थल पर काम कर रहे पिता-पुत्री पर अचानक आकाशीय बिजली टूट पड़ी। तेज आंधी, कड़कती गर्जना और मूसलाधार बारिश के बीच कुछ ही सेकंड में पूरा माहौल दहशत में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी घनश्याम खांडे अपनी बेटी पूनम खांडे के साथ सुबह करीब 6 बजे मनरेगा के काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और बारिश से बचने के लिए दोनों पास के पेड़ के नीचे खड़े हो गए, लेकिन उन्हें क्या पता था कि वही जगह मौत का खतरा बन जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक जोरदार धमाके के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी और उसकी चपेट में पिता-पुत्री आ गए। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास काम कर रहे मजदूर घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए दोनों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसे घनश्याम खांडे को बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं बेटी पूनम को हल्की चोटें आई हैं और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े होने के खतरे को उजागर कर दिया है। गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग लगातार घनश्याम के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।









