रेडा गांव में गुपचुप खाने से बिगड़ी 25 लोगों की तबीयत, महिलाओं और बच्चों समेत कई अस्पताल में भर्ती…
आवाम की आवाज़ न्यूज़ \\भुनेश्वर निराला
सारंगढ़-बिलाईगढ़ | जिले के रेडा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे ठेले से गुपचुप खाने के कुछ घंटों बाद करीब 25 ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए। महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की गंभीर शिकायत होने लगी, जिसके बाद परिजन तत्काल सभी को अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित लोगों ने एक ही ठेले से गुपचुप का सेवन किया था। हालत बिगड़ने पर कई मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।
डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है और खाद्य सामग्री के सैंपल लिए जाने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खाद्य सुरक्षा मानकों की सख्त जांच और लापरवाह ठेला संचालकों पर कार्रवाई की मांग की है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील:
साफ-सफाई वाली जगहों पर ही खाद्य पदार्थों का सेवन करें और बच्चों को खुले में बिकने वाले असुरक्षित खाद्य पदार्थों से दूर रखें।
👉 जनहित में शेयर करें, सावधानी ही सुरक्षा है!









