इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती से छेड़खानी और ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 15 मई 2026। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती कर छेड़खानी, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महिला थाना और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को चक्रधरनगर क्षेत्र से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह राजपूत पिता श्याम किशोर सिंह (24 वर्ष), निवासी लश्करगंज थाना टिकारी जिला गया, बिहार का रहने वाला है।
पीड़िता ने महिला थाना रायगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब 7-8 महीने पहले उसकी पहचान आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। शिकायत में बताया गया कि 5 जनवरी 2026 को आरोपी रायगढ़ आया और मेडिकल कॉलेज रोड चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती को बुलाकर गलत नियत से हाथ पकड़कर छेड़खानी की।
विरोध करने पर आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
डर और बदनामी के भय से युवती ने यह बात परिजनों को नहीं बताई। इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर युवती को परेशान करता रहा।
बातचीत बंद करने पर जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।
पीड़िता ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को आरोपी ने उसके ऊपर साथ घूमने चलने का दबाव बनाया।
मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। भयभीत होकर युवती आरोपी के साथ मथुरा चली गई। 4 मई को वह ट्रेन से वापस रायगढ़ लौटी, लेकिन आरोपी उसका मोबाइल अपने पास रख लिया और केवल सिम कार्ड वापस किया।
घर लौटने के बाद युवती ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद आरोपी लगातार मिलने का दबाव बनाते हुए युवती की इंस्टाग्राम आईडी से उसके परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा।
शिकायत मिलने पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत धारा 74, 75, 79, 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आज रेलवे स्टेशन के पास आरोपी के देखे जाने की सूचना पर महिला थाना और साइबर टीम ने घेराबंदी कर चक्रधरनगर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को यूट्यूबर बताया और अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल फोन जब्त किया है।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक मालती कंवर, आरक्षक राजेश उरांव तथा साइबर टीम के आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर और नवीन शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










