मंगेतर की धोखेबाज़ी और प्रताड़ना ने ली जान! युवती ने जहर खाकर दी जान, आरोपी गिरफ्तार…
आवाम की आवाज़ न्यूज़//भुनेश्वर निराला
शादी से पहले टूटा भरोसा, मानसिक तनाव में उठाया खौफनाक कदम — पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती की मौत ने रिश्तों में छुपे दर्द और धोखे को उजागर कर दिया। शुरू में यह मामला सामान्य मौत लग रहा था, लेकिन पुलिस की गहराई से की गई जांच ने चौंकाने वाले तथ्य सामने ला दिए।
जांच में पता चला कि 29 वर्षीय युवती की शादी मई 2025 में केशव पटेल नामक युवक से तय हुई थी। दिसंबर में विवाह होना था, लेकिन शादी से ठीक पहले युवती को अपने मंगेतर के किसी दूसरी युवती से संबंध होने की जानकारी मिली। इस सच्चाई ने उसे अंदर तक तोड़ दिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार युवती को फोन कर मानसिक रूप से परेशान करता रहा। प्रताड़ना और धोखे के इस दबाव को वह सह नहीं पाई और 9 सितंबर 2025 को उसने अपने घर में जहर सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि युवती की मौत के बाद आरोपी ने उसी लड़की से शादी कर ली, जिसके साथ उसके संबंध थे। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद पर्याप्त साक्ष्य जुटाए और 17 अप्रैल 2026 को आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने युवती से विवाह तय होने और दूसरी युवती से संबंध की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और निष्पक्षता से कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।









