वेदांता पावर प्लांट हादसे के जिम्मेदारों पर गिरी गाज
अधिकारियों पर FIR दर्ज
सक्ति, 16 अप्रैल 2026/
जिला सक्ती के थाना डभरा अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2:33 बजे बायलर–01 में भीषण विस्फोट की घटना हुई, जिसमें भारी जनहानि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश पटेल पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे और प्रारंभिक जांच कार्यवाही शुरू की।
दुर्घटना में घायल श्रमिकों को त्वरित उपचार हेतु रायगढ़ जिले के विभिन्न अस्पतालों—मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अपेक्स अस्पताल, मेट्रो अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान कुल 20 श्रमिकों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 15 घायल श्रमिकों का उपचार जारी है। प्रशासन द्वारा मृतकों एवं घायलों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रारंभिक तकनीकी जांच में बायलर मुख्य निरीक्षक ने बताया कि फर्नेस के भीतर अत्यधिक मात्रा में ईंधन जमा हो जाने से अत्यधिक दबाव उत्पन्न हुआ, जिसके कारण विस्फोट हुआ। दबाव बढ़ने से बायलर का निचला पाइप अपनी स्थिति से हट गया, जिससे यह गंभीर दुर्घटना घटित हुई।
एफएसएल सक्ती की रिपोर्ट में भी अत्यधिक ईंधन संचय और उससे उत्पन्न दबाव को ही विस्फोट का मुख्य कारण बताया गया है।
जांच के दौरान यह सामने आया कि वेदांता कंपनी एवं एन.जी.एस.एल. द्वारा मशीनरी और उपकरणों के रखरखाव एवं संचालन संबंधी मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया। उपकरणों की देखरेख में लापरवाही एवं संचालन में उपेक्षा के कारण बायलर के दबाव में असामान्य उतार-चढ़ाव हुआ, जिससे यह हादसा हुआ।
उपलब्ध साक्ष्यों एवं तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देश पर वेदांता कंपनी के निदेशक अनिल अग्रवाल, प्रबंधक देवेन्द्र पटेल सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध थाना डभरा में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत धारा 106(1), 289, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
प्रकरण की विस्तृत जांच हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। टीम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुमित गुप्ता, फोरेंसिक अधिकारी सृष्टि सिंह एवं थाना प्रभारी डभरा राजेश पटेल शामिल हैं।
पुलिस विभाग द्वारा तकनीकी विशेषज्ञों के साथ समन्वय कर मामले की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









