एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने चलित थाना में ग्रामीणों को किया जागरूक मोबाइल पुलिस स्टेशन से बढ़ी पुलिस-जनता की नजदीकी, 300 लोग हुए शामिल

सक्ती, दिनांक 01 अप्रैल 2026
श्रीमान पुलिस अधीक्षक सक्ती महोदय की उपस्थिति में थाना बाराद्वार क्षेत्रांतर्गत ग्राम केकराभाठ में आज दिनांक 01.04.2026 को चलित थाना (Mobile Police Station) का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन से सीधा संवाद स्थापित करना एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने विशेष रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, बैंक फ्रॉड आदि से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
नागरिकों को सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अन्य अपराधों की रोकथाम हेतु भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए तथा ग्रामवासियों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया गया
पुलिस विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें, जागरूक रहें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
उक्त कार्यक्रम में थाना प्रभारी बाराद्वार निरीक्षक श्री नरेन्द्र यादव एवं अन्य पुलिस स्टाफ, ग्राम केकराभाठ के जनप्रतिनिधि तथा आसपास के गांवों से लगभग 300 नागरिक उपस्थित रहे।









