सक्ती जिले में रोजगार का सुनहरा अवसर: विभिन्न स्थानों पर लगेंगे प्लेसमेंट कैंप, 200 से अधिक पदों पर भर्ती
सक्ती, 30 मार्च 2026।
जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्लेसमेंट कैंप का व्यापक आयोजन किया जा रहा है।
इस पहल के तहत जिले के अलग-अलग जनपद पंचायतों, नगर निकायों एवं शासकीय आईटीआई संस्थानों में कैंप लगाए जाएंगे, जहां निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा 1 अप्रैल को डभरा, 2 अप्रैल को जैजैपुर तथा 3 अप्रैल को मालखरौदा और सक्ती में प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे।
वहीं एसआईएस इंडिया लिमिटेड अनूपपुर द्वारा 21 से 24 अप्रैल तक क्रमशः मालखरौदा, जैजैपुर, डभरा और सक्ती में कैंप लगाए जाएंगे।
इसके अलावा 25 अप्रैल को शासकीय आईटीआई मालखरौदा, 27 अप्रैल को आईटीआई जैजैपुर तथा 28 अप्रैल को आईटीआई डभरा में भी प्लेसमेंट कैंप आयोजित होंगे।इस भर्ती अभियान के तहत सुरक्षा सेवाओं से जुड़ी कंपनी द्वारा लगभग 205 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु 21 से 42 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
इस भर्ती अभियान के तहत सुरक्षा सेवाओं से जुड़ी कंपनी द्वारा लगभग 205 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु 21 से 42 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है, जबकि कुछ मामलों में 10वीं फेल उम्मीदवारों को भी अवसर दिया जा सकता है। शारीरिक मानकों में न्यूनतम ऊंचाई 167.5 सेंटीमीटर और वजन 56 किलोग्राम निर्धारित है।
चयनित उम्मीदवारों को 15,000 से 35,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। कार्य अवधि 8 से 12 घंटे की होगी और नियुक्ति विभिन्न औद्योगिक एवं प्रतिष्ठित संस्थानों में की जाएगी। चयन प्रक्रिया शारीरिक परीक्षण और साक्षात्कार के आधार पर होगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल चयनित अभ्यर्थियों से ही 500 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क लिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।









