रायगढ़: तमनार में अवैध अफ़ीम की खेती का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी हिरासत में…

अफ़ीम की खेती पकड़ी गई
तमनार में बड़ा खुलासा
आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 20 मार्च 2026।
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में अवैध अफ़ीम की खेती के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 19 मार्च को रायगढ़ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तमनार क्षेत्र के आमाघाट में पुलिस ने छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि श्रीमती सुषमा खलखो (पति–मार्शल संगा), निवासी झारखंड, द्वारा अपने खेत में सब्जी की खेती के साथ अवैध रूप से अफ़ीम की खेती की जा रही थी।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान लगभग एक एकड़ में अफ़ीम की खेती किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच जारी है तथा इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान भी की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध अफ़ीम की खेती जैसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।










