तालाब में डूबे मासूम: भाई को बचाने कूदी बहन, दोनों की दर्दनाक मौत से गांव में मातम
जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कलिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के तालाब में बच्चे अपनी मां के साथ नहाने गए थे। इसी दौरान 8 वर्षीय भाई नहाते-नहाते अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अपने भाई को डूबता देख 11 वर्षीय बहन उसे बचाने के लिए बिना कुछ सोचे गहरे पानी में कूद गई।
लेकिन तालाब की अधिक गहराई और पानी के तेज बहाव के कारण दोनों बच्चे खुद ही पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही देर में दोनों मासूम तालाब में डूब गए। जब तक आसपास मौजूद लोगों को घटना का पता चलता और वे मदद के लिए पहुंचते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बच्चों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से हर किसी की आंखें नम हैं और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








