ऑपरेशन “प्रहार” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अवैध कबाड़ पर छापा, 1 करोड़ 15 लाख की संपत्ति जब्त…
09 मार्च 2026
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में 134 टन स्क्रैप, 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन के साथ मिनी राइस मिल से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहा भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध स्क्रैप परिवहन पर बड़ा प्रहार किया।
पुलिस ने तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड तथा महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन पकड़े। इन वाहनों में लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल और छड़ सहित बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड था, जिसे स्थानीय प्लांट में खपाने की तैयारी थी।
वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगने पर वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। संदेह के आधार पर पुलिस ने कबाड़ और वाहनों कोजब्त कर कानूनी कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने मिनी राइस मिल पूंजीपथरा में भी छापा मारकर प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी को पकड़ा। मौके से मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2.28 टन) बरामद हुईं। इनके संबंध में भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर सामग्री को जब्त कर कार्रवाई की गई।
7 आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने 7 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों और स्क्रैप को जब्त किया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि—
“ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है।”कार्रवाई में इनकी रही प्रमुख भूमिका
कार्रवाई में इनकी रही प्रमुख भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में उपनिरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, राम प्रसाद यादव, नंद साय कंवर तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, विक्रम कुजूर, हेम सागर पटेल और आदिकंद प्रधान शामिल रहे।








