रंगपंचमी की रात में 2 युवक की बेरहमी से की हत्या आरोपी गिरफ्तार पढ़ें पूरी ख़बर …
आवाम की आवाज़ न्यूज़ ( भुनेश्वर निराला )
बस्तर। रंगों के त्योहार रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर बस्तर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खुशियों और उत्सव के माहौल के बीच एक मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार यह घटना नगरनार थाना क्षेत्र के कलचा गांव की है, जो बस्तर सांसद का पैतृक गांव बताया जा रहा है। गांव में पारंपरिक तरीके से होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था और लोग उत्सव के माहौल में शामिल थे। इसी दौरान अचानक एक विवाद खड़ा हो गया।
बताया जा रहा है कि सालगुड़ गांव के दो युवक रोहित और उमेश पर एक युवक की प्रेमिका को रंग लगाने का शक जताया गया। इसी संदेह को लेकर कलचा गांव के चार युवकों ने दोनों को घेर लिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने गुस्से में आकर दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने और अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से एक नाबालिग भी बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश और कारणों की जांच की जा रही है।
रंगों के त्योहार से पहले महज एक शक के कारण दो युवकों की जान चली जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। गांव में सन्नाटा और लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।








