सारंगढ़ में कांग्रेस का केंद्र-राज्य सरकार पर तीखा हमला
गैस महंगाई, नशे के मुद्दे और विदेश नीति पर उठाए सवाल, विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
सारंगढ़। जिला कांग्रेस कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को लेकर जमकर निशाना साधा। नेताओं ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, प्रदेश में कथित नशे के कारोबार और अंतरराष्ट्रीय मामलों में सरकार की भूमिका को लेकर कड़े सवाल उठाए।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि सूर्यकुमार तिवारी, विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण मालाकार, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे और पार्षद सरिता गोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहर के इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के पत्रकारों ने भी भाग लिया।
नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा
सूर्यकुमार तिवारी ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा से जुड़े एक नेता के खेत में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे के कारोबार को रोकने के बजाय सरकार की नीतियों के कारण यह समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर 8 मार्च को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में इसी मुद्दे को लेकर प्रेस वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं।
गैस सिलेंडर की कीमतों पर भी हमला
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 7 मार्च से घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उनका कहना है कि इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
नेताओं ने बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि फैसला नहीं बदला गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी और प्रधानमंत्री का पुतला दहन भी किया जाएगा।
विदेश नीति को लेकर भी उठाए सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार ऐसे हालात सामने आए हैं, जिनसे यह संदेश जाता है कि देश की नीतियां बाहरी दबाव में प्रभावित हो रही हैं। नेताओं ने कहा कि भारत की विदेश नीति पूरी तरह स्वतंत्र और राष्ट्रीय हितों पर आधारित होनी चाहिए।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद
इस दौरान संजय दुबे, उमेश केसरवानी, घनश्याम मनहर, पवन अग्रवाल, राकेश पटेल, राधेश्याम जायसवाल, गोपाल बाघे, रामनाथ सिदार और गोल्डी नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही प्रदेश पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि, सोशल मीडिया टीम और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।








