फतेहगंज पूर्वी में मीटर रीडरों की मनमानी से सरकार की राहत योजना पर पलीता…
▪️फर्जी रसीदों का खेल उजागर, उपभोक्ताओं को लाखों का नुकसान, विभाग में मचा हड़कंप
सत्यम गौड़। बरेली
संवाददाता बरेली। बरेली जनपद के फतेहगंज पूर्वी से बिजली विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। फतेहगंज पूर्वी बिजली उपकेंद्र क्षेत्र में कुछ मीटर रीडरों द्वारा सरकार की महत्वाकांक्षी बिजली बिल राहत योजना 2025–26 को पलीता लगाने का आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार एक उपभोक्ता को मीटर रीडर द्वारा फर्जी बिजली बिल/रसीद थमा दी गई। जब इस गड़बड़ी की भनक बिजली विभाग के कुछ कर्मचारियों को लगी तो विभाग में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस तरह की गतिविधियों से न सिर्फ उपभोक्ताओं को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि सरकार की राहत योजना को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि मीटर रीडरों की इस कथित मनमानी से सरकार और बिजली विभाग की छवि भी धूमिल हो रही है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो यह गड़बड़ी और भी उपभोक्ताओं तक फैल सकती है।
फिलहाल मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दी गई है और आंतरिक जांच की चर्चा है। वहीं विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मीटर रीडिंग, बिल और रसीदों की स्वयं जांच करें, किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत बिजली विभाग से संपर्क करें।
सवाल यह है: _ क्या दोषी मीटर रीडरों पर सख्त कार्रवाई होगी, या राहत योजना यूं ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती रहेगी? उपभोक्ता सतर्क रहें, फर्जी रसीद से बचें।




