फरीदपुर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, घर का सारा सामान जलकर राख…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर कस्बे के भूरे खां गोटिया मोहल्ले में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब साबिर पुत्र सफी अहमद के मकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि इस हादसे में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल आने से कोई जनहानि नहीं हुई। मोहल्ले में धुआं उठता देख लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बिजली के तारों, स्विच बोर्ड और उपकरणों की नियमित जांच कराते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
वहीं स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन से मुआवजा व आर्थिक सहायता देने की मांग की है।




