बेजुबानों की चीख सुनो! आवारा कुत्तों के हमले से नंदी महाराज गंभीर, इलाके में आक्रोश…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर कस्बे के सिसैया रोड पर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बीते कई दिनों से क्षेत्र में यह सूचना घूम रही थी कि एक नंदी महाराज को आवारा कुत्तों के झुंड ने घेरकर बुरी तरह नोच लिया है। गंभीर रूप से घायल नंदी महाराज दर्द से कराहते हुए सड़क किनारे गिर पड़े, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद संजीव चौधरी (निवासी फरीदपुर) ने इंसानियत का परिचय देते हुए नंदी महाराज की सेवा शुरू की। वे लगातार उनकी देखभाल करते रहे, लेकिन जख्म गहरे होने के कारण नंदी महाराज की हालत दिन-ब-दिन नाजुक होती चली गई।
आज 7 फरवरी को जब मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी गई तो नंदी महाराज की हालत बेहद दयनीय थी, जिससे साफ था कि अब देर हुई तो जान जाना तय है।
हालात की गंभीरता को समझते हुए तत्काल बरेली से वाहन मंगवाया गया। विकास ठाकुर के प्रयासों से नंदी महाराज को बरेली पशु-पक्षी अस्पताल रेफर कराया गया, जहां उन्हें इलाज के लिए भेजा गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से नंदी महाराज की जान बचाने की उम्मीद जगी है।
इस पूरे सेवा कार्य में पुलिस प्रशासन और डायल 112 के साथ-साथ अन्य सेवा भावी भाईयों का भी सहयोग रहा। सभी ने मिलकर यह साबित किया कि आज भी समाज में मानवता ज़िंदा है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। लोगों का कहना है कि फरीदपुर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे गोवंश ही नहीं बल्कि आम राहगीर भी खतरे में हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि जल्द से जल्द इस समस्या पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और बेजुबान को इस तरह दर्दनाक हालात का सामना न करना पड़े।


