बरेली में दिल्ली से लौटे युवक की संदिग्ध मौत: मां ने लगाया पैसों के विवाद में हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज…
सत्यम गौड़। बरेली
सिरौली थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव में दिल्ली से लौटे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विनोद चंद्र वंशी (पुत्र प्रेम शंकर) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
परिजनों के अनुसार विनोद चंद्र वंशी दिल्ली में मूंगफली की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब 10 दिन पहले वह अपने दोस्तों के साथ दिल्ली गया था। सोमवार शाम करीब 7:45 बजे विनोद गुरुग्राम में दोस्तों के साथ एक शराब की भट्टी पर मौजूद था।
गिरने से मौत का दावा
परिजनों को साथियों द्वारा बताया गया कि विनोद पानी पीने के लिए नल की ओर जा रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उसे बरेली के अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की मां गीता देवी ने मामले में नया मोड़ देते हुए आरोप लगाया है कि विनोद का अपने तीनों साथियों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि बेटे की मौत महज हादसा नहीं है। गीता देवी ने बताया कि विनोद घर का सबसे बड़ा बेटा था और उस पर तीन भाइयों व दो बहनों की जिम्मेदारी थी। छह दिन पहले ही उसने एक नई बाइक खरीदी थी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था।
गांव में तनाव, पुलिस अलर्ट
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण केसरपुर गांव में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार और आंवला व सिरौली थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पहले गुरुग्राम में घटनास्थल का निरीक्षण किया, इसके बाद गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से बातचीत की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।




