बरेली में बच्ची को अगवा करने वाला युवक गिरफ्तार: 1 फरवरी को जंक्शन से उठा ले गया था, बोला- पालने के लिए ले जा रहा था…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली जंक्शन से रविवार शाम को बच्ची को अगवा करने वाले युवक को पुलिस ने 14 घंटे बाद सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वह शराब के नशे में बच्ची को लेकर राज्यरानी एक्सप्रेस में चढ़ गया था। कुछ देर बाद ट्रेन से उतर गया। इस बीच, एक यात्री ने जीआरपी को सूचना दी कि एक नशे में धुत व्यक्ति के पास एक छोटी बच्ची है जो लगातार रो रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। उसे प्लेटफार्म नंबर 2 से दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी शादी नहीं हुई थी। उसे पालने के लिए ले जा रहा था।
प्लेटफार्म नंबर 2 पर दबोचा गया आरोपी
गिरफ्तारी के वक्त वह नशे में धुत था। सोमवार को जब उसका नशा उतरा, तो उसने पुलिस को बताया कि वह देहरादून में एसी मैकेनिक है। उसकी शादी नहीं हुई है, इसलिए वह बच्ची को अपने साथ पालन-पोषण के लिए ले जा रहा था।
आरोपी को जेल भेजा
जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि बच्ची को बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया है। मां की तहरीर पर बरखेड़ा (पीलीभीत) निवासी धर्मपाल के खिलाफ अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।




