Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

06/02/2026

राहुल हत्याकांड: परिजनों के हंगामे के बाद हरकत में आई पुलिस, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

बरेली। रुपये के लेन-देन को लेकर युवक की मौत के मामले में परिजनों के हंगामे के बाद आखिरकार पुलिस हरकत में आई। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है।
      डोहरा, थाना बारादरी निवासी पप्पू ने पुलिस को बताया था कि 14 जनवरी को उसके बेटे राहुल के साथ लकी लभेड़ा, भीमा और आकाश ठाकुर ने उधार के पैसों को लेकर मारपीट की थी। मारपीट में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

राहुल का इलाज रामपुर गार्डन स्थित नारायण हॉस्पिटल में चल रहा था। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 21 जनवरी को राहुल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले को हत्या में तब्दील कर दिया। राहुल की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस के सामने रोड बंद कर हंगामा हुआ और पुलिस पर दबाव बढ़ा। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

सुबह-सुबह हुई मुठभेड़

गुरुवार की सुबह करीब सवा छह बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामगंगानगर परियोजना के पंचवटी एन्क्लेव सेक्टर-11 में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी लकी लभेड़ा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें सिपाही अक्षय तोमर घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान लकी लभेड़ा के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया।

तमंचा और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ को लेकर अलग से मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।


Spread the love