दुष्कर्म के आरोपी ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या: बरेली में इलाज के दौरान मौत…
पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की मौत हो गई है। आरोपी द्रोणपाल (44) ने शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना मंगलवार की है, जब बच्ची दोपहर से लापता थी। शाम को वह आरोपी के घर से घायल अवस्था में मिली। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
बरेली पुलिस की एसओजी टीम आरोपी की लगातार लोकेशन ट्रैक कर रही थी। पुलिस के दबाव में आरोपी पड़ोसी जिले में भाग गया। शुक्रवार देर शाम उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी की जेब से हरियाणा के पानीपत जिले के गांव आसन कला का आधार कार्ड मिला। इससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी राधेश्याम के अनुसार, आरोपी की मृत्यु के बावजूद पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




