फरीदपुर में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस: PAC और स्थानीय पुलिस बल मौजूद ड्रोन से हो रही निगरानी; 3 बजे होगा समापन…
सत्यम गौड़। फरीदपुर

फरीदपुर में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे विलादत पर ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा है। जुलूस मोहल्ला म्रिधान से शुरू हुआ है। यह नगर के प्रमुख मार्गों से होकर दोपहर 3:00 बजे नमाज़ के साथ समाप्त होगा।
एसडीएम मल्लिका नैन स्वयं मौके पर मौजूद हैं। वे संवेदनशील स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। सीओ संदीप सिंह और प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम सिंह भी तैनात हैं। PAC और स्थानीय पुलिस बल मौजूद है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। एडीएम एफआर बरेली संतोष कुमार सिंह भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
केंद्रीय कमेटी ईद मिलादुन्नबी के नेतृत्व में जुलूस निकाला जा रहा है। 29 अंजुमनें इसमें शामिल हैं। नातें पेश की जा रही हैं। सजे हुए वाहन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां माहौल को रंगीन बना रही हैं। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुलूस का स्वागत कर रहे हैं।
कमेटी अध्यक्ष प्रो. अलाउद्दीन खान और सेक्रेटरी मौलाना खालिद की देखरेख में जुलूस शांतिपूर्वक आगे बढ़ रहा है। शहाबुद्दीन, नुसरत शेख और नईमुद्दीन व्यवस्थाओं के समन्वय में सहयोग कर रहे हैं।
जुलूस में “नबी की आमद मरहबा” और “या रसूलल्लाह” के नारे लगाए जा रहे हैं। तिरंगे और इस्लामी झंडों से जुलूस सजाया गया है। हर उम्र के लोग इसमें भाग ले रहे हैं।




