वारावफात जुलूस से पहले फरीदपुर में सौहार्द पर सियासी संग्राम: बिना अनुमति लगाए गए गेट और सजावट, भाजपा ने थाने में की शिकायत…

फरीदपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम समुदाय के लोगों पर बारावफात के जुलूस से पहले नई परंपरा डालने का आरोप लगाते हुए फरीदपुर थाने में हंगामा किया। कोतवाल को ज्ञापन देकर बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिंदू आबादी में सजावट करते हुए कई जगह गेट बना दिए है। उन्होंने गेट हटवाने की मांग की। जिले में शुक्रवार को जुलूस ए मोहम्मदी निकाला जाएगा, इसे लेकर मुस्लिम समुदाय के लोग तैयारियां कर रहे हैं। फरीदपुर में मोहल्ला ऊंचा में बिजली घर के पास, बीसलपुर रोड समेत कई जगह सजावट कराकर द्वार बनाए गए हैं। इस पर आपत्ति करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों ने नई परंपरा डालने का आरोप लगाया।
गुरुवार शाम भाजपा के फरीदपुर मंडल अध्यक्ष प्रतुल अग्रवाल तमाम कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे। उन्होंने कोतवाल राधेश्याम को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिंदू आबादी से सटे इलाके में कई जगह गेट बनाकर नई परंपरा डालने की कोशिश की है। उन्होंने पुलिस से गेट हटवाने की मांग करते हुए कोतवाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष आतिश अग्रवाल, चंदन शुक्ला, बबलू पांडे, भुवनेश सिंह, अनिल कश्यप, विपिन कुमार आदि मौजूद रहे। विधायक ने नई परंपरा रोकने के लिए अफसरों को किया फोन भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर फरीदपुर विधायक डॉ़ श्याम बिहारी लाल ने पुलिस अफसर को फोन किया। उन्होंने अफसरों से नई परंपरा रोकने के लिए कहा। विधायक ने बताया कि फरीदपुर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी त्योहार मनाए जाते हैं, लेकिन कुछ लोग सौहार्द बिगड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। बिजली घर के पास गेट बनाकर फब्बारा लगाया गया है। गेट कुछ आगे बनाया गया था। उसे पीछे हटवाकर पूर्व निर्धारित जगह पर लगाया जा रहा है। – राधेश्याम, इंस्पेक्टर फरीदपुर




