28/10/2026

ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले शव की हुई पहचान, उच्चभिट्ठी के योगेश कश्यप की हत्या के मामले में 5 गिरफ्तार

IMG-20261028-WA0024
Spread the love

रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026। रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास 24 अक्टूबर को मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय योगेश कश्यप, निवासी उच्चभिट्ठी, किरोड़ीमलनगर, रायगढ़ के रूप में हुई है। मामले में जूटमिल पुलिस पहले ही एक आरोपी और चार विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर चुकी है।

 

सोशल मीडिया पर हत्या की खबर देखकर परिजन पहुंचे मेडिकल कॉलेज

 

पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने मेडिकल कॉलेज रायगढ़ पहुंचकर शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि योगेश के पिता स्थानीय जिंदल प्लांट में कार्यरत थे। इसी दौरान परिवार ने उच्चभिट्ठी, किरोड़ीमलनगर में मकान बनाकर रहना शुरू किया था।

 

योगेश विवाहित था और उसकी तीन वर्षीय बेटी है। पत्नी से अनबन के कारण वह बेटी को लेकर अलग रह रही थी। योगेश अपनी मां के साथ उच्चभिट्ठी में रहता था और पूंजीपथरा स्थित बीएस प्लांट में काम करता था। उसकी बहन बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में कार्यरत है।

 

परिजनों के मुताबिक, योगेश अक्सर काम के बाद दोस्तों के साथ बाहर रुक जाता था। जब वह एक-दो दिन तक घर नहीं लौटा, तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसके हुलिए से मिलते-जुलते व्यक्ति की हत्या की खबर देखकर वे मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां शव की पहचान योगेश के रूप में हुई।

 

बेटे की हत्या से परिवार सदमे में

 

योगेश की पहचान होने के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं। उन्होंने रायगढ़ पुलिस से मामले के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

 

एक आरोपी और चार विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

 

रायगढ़ पुलिस के अनुसार, जूटमिल थाना में मर्ग जांच के बाद हत्या का अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेश सारथी और चार विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।

 

थाना प्रभारी जूटमिल ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि मामले में ठोस साक्ष्य एकत्र कर आरोपी और विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके।

 

नोट: यह समाचार रायगढ़ पुलिस की 28 अक्टूबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी पर आधारित है। मामले की विवेचना जारी है।


Spread the love

You may have missed