रायगढ़ में सनसनी: महिला और 10 माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से दहशत…

लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में बोरघर से मिले दोनों शव, महिला के शरीर पर चोट के निशान; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
रायगढ़।(भुनेश्वर निराला)जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छापरपानी में शनिवार को एक महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दोनों के शव गांव के एक बोरघर से बरामद किए गए। महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की गहन जांच जारी है।
मृतका की पहचान बरत कुमारी नाग के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पति के निधन के बाद वह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी। वह अपनी 10 माह की बच्ची के साथ बोरघर में रहकर भीख मांगकर जीवनयापन करती थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं उसकी मासूम बच्ची भी घटनास्थल पर मृत मिली। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
















