15/11/2026

घरघोड़ा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मकान चोरी का मामला चोरी गए LED T V, आयरन व बर्तन सहित सामान बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
त्वरित कार्रवाई में आरोपियों से 9,200 रुपये का मशरूका जब्त

1001047409.jpg
Spread the love

19 मार्च, रायगढ़*।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम टेरम में हुए मकान चोरी के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की है।
प्रकरण में प्रार्थी किशन लाल जोल्हे (29 वर्ष), निवासी ग्राम टेरम ने दिनांक 17 मार्च 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ ईंट निर्माण कार्य के लिए गांव से बाहर गया था। इस दौरान दिनांक 08 से 10 फरवरी 2026 के बीच अज्ञात आरोपी द्वारा उसके मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे टीवी, आयरन, कांस के बर्तन एवं तांबे के पैसे सहित करीब 15,000 रुपये मूल्य के सामान चोरी कर लिए गए। रिपोर्ट पर *अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया, जिस पर संदेही गजेन्द्र सारथी उर्फ गज्जु (19 वर्ष) निवासी बैहामुड़ा एवं परमेश्वर राठिया (19 वर्ष) निवासी भेंडरा कपाटडेरा, थाना घरघोड़ा के नाम सामने आए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने 9 फरवरी की रात ग्राम टेरम के एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान प्लास्टिक बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते अपने घर ले जाकर आपस में बांट लिया था तथा कुछ सामान कबाड़ी को बेचकर रकम खर्च कर दी थी।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गजेन्द्र सारथी से एक बैटरी एवं आयरन (कीमत 8,000 रुपये) तथा परमेश्वर राठिया से कांस के लोटा एवं कटोरी (कीमत 1,200 रुपये) कुल 9,200 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रदीप तिग्गा एवं भानु चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — चोरी जैसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर  आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी


Spread the love

You may have missed