Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

27/06/2026

समोसे ने खोल दी पोल! दीपक स्वीट्स पर एफएसडीए का छापा, घी–समोसे के सैंपल सीज…

Spread the love

सत्यम गौड़। फरीदपुर

शहर के नामचीन प्रतिष्ठान दीपक स्वीट्स एक चौंकाने वाले मामले को लेकर सुर्खियों में आ गया है। एक ग्राहक के समोसे से संदिग्ध वस्तु निकलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापा मारा और घी व बीकानेरी समोसे के नमूने सील कर जांच के लिए भेज दिए।

       मढ़ीनाथ निवासी देश दीपक सोमवार रात करीब आठ बजे दीपक स्वीट्स में बीकानेरी समोसा खाने पहुंचे थे। आरोप है कि समोसा खाते समय उनके मुंह में अचानक कोई सख्त वस्तु आई। बाहर निकालने पर वह पिन्नी निकली। भोजन में इस तरह की वस्तु देखकर ग्राहक हैरान रह गया और तत्काल विरोध दर्ज कराया।

शिकायत पर मैनेजर की हंसी, भड़का ग्राहक

पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर मैनेजर रजत ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय हंसकर टाल दिया। इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये से आक्रोशित ग्राहक ने तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मामला विभागीय कार्रवाई तक पहुंच गया।

एफएसडीए का औचक निरीक्षण, दुकान में मचा हड़कंप

मंगलवार को एफएसडीए की टीम इंस्पेक्टर इंदरजीत के नेतृत्व में दीपक स्वीट्स पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से प्रतिष्ठान में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने करीब एक लीटर देशी घी और बीकानेरी समोसे के नमूने लेकर सील किए और प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए।

लैब रिपोर्ट पर टिकी कार्रवाई

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि नमूनों की जांच के बाद ही आगे की सख्त कार्रवाई तय की जाएगी। यदि खाद्य मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई के बाद शहर के खाद्य कारोबारियों में खलबली मच गई है।

मालिक ने किया बचाव

दीपक स्वीट्स के मालिक अतुल कुमार गुप्ता ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके यहां गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाता। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही और कहा कि सच्चाई लैब रिपोर्ट के बाद सामने आएगी।


Spread the love