01/11/2026

अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में विलीन, मुख्यमंत्री साय ने दिया कंधा

IMG-20261101-WA0001
Spread the love

 

पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

 

दुर्ग। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पार्थिव शरीर को कंधा दिया और नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया।

 

प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति : मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय निधन पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अत्यंत सुलझे हुए, परिपक्व, मिलनसार और मृदुभाषी जनप्रतिनिधि थे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। वे हमेशा अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए चिंतित रहते थे। एक शिक्षक से विधायक तक का उनका सफर जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।

 

उपचार के दौरान स्वस्थ होकर लौटने की थी उम्मीद

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने भावुक होते हुए कहा कि विधायक कोर्सेवाड़ा के उपचार के दौरान उनकी लगातार बातचीत होती रही थी। कहीं से भी ऐसा नहीं लग रहा था कि वे हैदराबाद से स्वस्थ होकर वापस नहीं लौटेंगे।

 

निधन से एक दिन पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी हैदराबाद जाकर उनसे मिले थे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि चिकित्सकों से उनकी भी बातचीत कराई गई थी। सभी चिकित्सक उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे थे।

 

स्वयं श्री कोर्सेवाड़ा ने भी स्वस्थ होकर वापस लौटने की उम्मीद जताई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

 

78 वर्ष की आयु में हुआ निधन

 

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की आयु में हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर विमान से रायपुर पहुंचा, जहां स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी।

 

इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचा। यहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में पार्थिव शरीर को उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

 

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

 

अंतिम संस्कार के अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल एवं भोजराज नाग, विधायक पुन्नूलाल मोहले, ईश्वर साहू, ललित चन्द्राकर और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

इसके अलावा दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी किरण गंगाराम चव्हाण, वरिष्ठ अधिकारी, सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का सहज, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश के लिए अत्यंत दुःखद है।


Spread the love

You may have missed