28/10/2026

मोबाइल देखने को लेकर विवाद, बड़े भाई ने डंडे से पीटकर की 16 वर्षीय छोटे भाई की हत्या

awaam_news_collage
Spread the love

 

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल देखने को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। गुस्से में आकर 19 वर्षीय बड़े भाई ने अपने 16 वर्षीय छोटे भाई पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर की रात की है। ग्राम फरसगांव निवासी कैलाश सोरी (19 वर्ष) और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी (16 वर्ष) खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान मोबाइल देखने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

 

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर बड़े भाई कैलाश सोरी ने छोटे भाई कुंदन पर डंडे से हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सिर और पीठ पर वार किए। हमले में कुंदन जमीन पर गिर पड़ा। उसके माथे और पैर में भी चोटें आई थीं। बाद में उसकी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

 

पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में कुंदन की मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी कैलाश सोरी पिता जैतराम सोरी (19 वर्ष) ग्राम फरसगांव का निवासी है। मृतक कुंदन सोरी भी इसी गांव का रहने वाला था। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

 

पारिवारिक विवाद में संयम बरतने की अपील

 

इस घटना के बाद धमतरी पुलिस ने लोगों से पारिवारिक और आपसी विवाद के दौरान संयम बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि छोटे-मोटे विवादों को हिंसक रूप देने के बजाय बातचीत और समझदारी से सुलझाना चाहिए।


Spread the love

You may have missed