सारंगढ़ अटल आरोग्य लैब में 4 माह में 86,975 जांचें मुफ्त…

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से आम नागरिकों को राहत मिल रही है। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में संचालित अटल आरोग्य लैब मरीजों के लिए बड़ी मददगार साबित हो रही है। यहां महज चार माह में 23,001 मरीजों की कुल 86,975 पैथोलॉजी जांचें निःशुल्क की गई हैं। इससे मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं में जांच कराने पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है।
134 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल आरोग्य लैब का संचालन किया जा रहा है।
वर्तमान में इस लैब में 134 प्रकार की पैथोलॉजी जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। आधुनिक जांच मशीनों से सुसज्जित इस प्रयोगशाला का लाभ शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से उपचार के लिए आने वाले मरीज भी उठा रहे हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की जांच उपलब्ध होने से मरीजों को जांच के लिए अन्य शहरों या निजी प्रयोगशालाओं में जाने की जरूरत कम हो रही है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व तथा आवासीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे के पर्यवेक्षण में अटल आरोग्य लैब का संचालन किया जा रहा है। लैब की उपलब्धि में पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू सहित सभी चिकित्सा प्रयोगशाला तकनीशियनों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मरीजों को समय पर जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
शुरू होगी माइक्रोबायोलॉजी जांच सुविधा
मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अटल आरोग्य लैब में जल्द ही सूक्ष्मजीव विज्ञान यानी माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा भी निःशुल्क शुरू करने की तैयारी है। इस सुविधा के शुरू होने से विभिन्न प्रकार के संक्रमणों की पहचान और संबंधित बीमारियों की जांच में मदद मिलेगी।
इससे मरीजों को कई तरह की जांच के लिए बड़े शहरों या निजी प्रयोगशालाओं पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम होगी। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
निजी लैब के खर्च से मिल रही राहत
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला चिकित्सालय में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आवश्यक जांच के लिए निजी प्रयोगशालाओं में अधिक राशि खर्च करने से पहले जिला चिकित्सालय में उपलब्ध अटल आरोग्य लैब की निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी लें और उनका लाभ उठाएं।
चार माह में 86,975 जांचें होना इस सुविधा के व्यापक उपयोग को दर्शाता है। शासन की पहल और जिला प्रशासन के प्रयासों से सारंगढ़ जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिल रही है।
आवाम की आवाज़ न्यूज़
जनता की आवाज़, सच की पहचान




















