10/10/2026

सारंगढ़ में लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, गेरवानी प्लांट से पकड़ा गया…

IMG-20261010-WA0005
Spread the love

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़। चांटीपाली जंगल स्थित वॉच टॉवर के पास एक महिला और पुरुष से लूटपाट के मामले में बरमकेला पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ जिले के गेरवानी प्लांट से पकड़ा। उसके कब्जे से लूट की रकम में से शेष 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

 

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल और डीएसपी गोविंद दीवान के मार्गदर्शन में की गई।

 

गेरवानी प्लांट में छिपे होने की मिली थी जानकारी

 

पुलिस के मुताबिक, चांटीपाली जंगल के वॉच टॉवर के पास सुनसान जगह पर घूमने गए महिला और पुरुष के साथ लूटपाट की घटना हुई थी। मामले में थाना बरमकेला में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 296, 351(3) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।

 

घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी रायगढ़ जिले के गेरवानी प्लांट में छिपा हुआ है। इसके बाद थाना प्रभारी ए.के. बेक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

5,300 रुपये की लूट, शेष 1,500 रुपये बरामद

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान गजानंद निषाद (27 वर्ष), पिता संजय निषाद, निवासी ग्राम मल्दा, थाना सारंगढ़ के रूप में बताई है। पुलिस के अनुसार, घटना में कुल 5,300 रुपये की लूट हुई थी, जिसमें से शेष 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।

 

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद 9 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

 

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

 

इस कार्रवाई में थाना बरमकेला के स्वतंत्र प्रभार पीएसआई भारती, उप निरीक्षक ए.के. बेक, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर पंडा, आरक्षक खिलावन बघेल, थाना बरमकेला के अन्य पुलिसकर्मियों तथा साइबर सेल सारंगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

पुलिस द्वारा क्षेत्र में लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love

You may have missed