23/10/2026

कोसीर पुलिस की कार्रवाई: 7.20 लीटर शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, ₹53,200 की संपत्ति जब्त…

IMG-20261023-WA0001
Spread the love

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोसीर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल से देशी शराब का परिवहन कर रहे दो व्यक्तियों को पकड़कर उनके कब्जे से कुल 7.20 लीटर शराब और परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 53,200 रुपये बताई गई है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ श्री सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल और सारंगढ़ एसडीओपी श्री गोविंद दीवान के नेतृत्व में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

 

सूचना के आधार पर पुलिस ने की घेराबंदी

 

जानकारी के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को कोसीर पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में देशी शराब रखकर कोसीर से भाटागांव की ओर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AJ 9684 को रोका और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली।

 

पूछताछ में उनकी पहचान शिव कुमार बंजारे (37 वर्ष), पिता जनीराम बंजारे, निवासी ग्राम पंडरीपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा दिलीप कुमार बंजारे (38 वर्ष), पिता अमृतलाल बंजारे, निवासी ग्राम पंडरीपाली, थाना सरसीवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई।

 

7.20 लीटर शराब और मोटरसाइकिल जब्त

 

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की से 20 नग सीलबंद प्लेन देशी मदिरा, कुल 3.60 लीटर, कीमत 1,600 रुपये बरामद हुई। इसके अलावा एक सिल्वर रंग की प्लास्टिक थैली से 14 नग प्लेन देशी मदिरा, कुल 2.520 लीटर, कीमत 1,120 रुपये तथा छह नग अन्य शराब, कुल 1.08 लीटर, भी बरामद की गई।

 

शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो पैशन प्लस मोटरसाइकिल की कीमत 50,000 रुपये बताई गई है। इस प्रकार शराब और मोटरसाइकिल समेत कुल 53,200 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

 

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

जिला पुलिस के अनुसार, अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के परिवहन तथा कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

 


Spread the love