राइस मिल के विरोध में ग्रामीणों का ऐलान, 10 अगस्त को एसडीएम कार्यालय के सामने होगा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन

रिपोर्टर _दिलीप वर्मा
बलौदाबाजार जिला सिमगा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बछेरा में प्रस्तावित राइस मिल का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिमगा को ज्ञापन सौंपकर 10 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे एसडीएम कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की सूचना एवं अनुमति मांगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि राइस मिल स्थापना के लिए ग्राम पंचायत द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) ग्राम सभा की स्वीकृति के बिना दिया गया है। उनका आरोप है कि इस संबंध में पंचायत प्रस्ताव भी पारित नहीं किया गया तथा ग्रामवासियों की आपत्तियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित राइस मिल के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों का दावा है कि कृषि भूमि की पटाई किए जाने से नहर का पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाएगा, जिससे लगभग 400 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित होगी और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से ग्राम पंचायत द्वारा जारी एनओसी को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो 10 अगस्त को एसडीएम कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन की सूचना जनपद सदस्य सुरेश कुमार साहू के माध्यम से प्रशासन को दी गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग किया जाएगा।
















