13/10/2026

रायगढ़ में हाथी का खूनी तांडव: पुटु चुनने जंगल गए ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत पढ़े पूरी ख़बर …

hathi-ka-hamala-1024x576
Spread the love

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मानव-हाथी संघर्ष ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में गुरुवार को जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) लेने गए एक ग्रामीण पर जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने ग्रामीण को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।


मृतक की पहचान जहाज़ सिंह राठिया (55 वर्ष) निवासी पीडिया गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वे सुबह जंगल में पुटु इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान पीडिया-तुर्रीकटरा मार्ग के बीच उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। ग्रामीण के संभलने से पहले ही हाथी ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने तक जहाज़ सिंह की मौत हो चुकी थी।


घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन अमले को अलर्ट कर दिया गया है।


स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है, जिससे जंगल जाने वाले लोगों के सामने हर दिन जान का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।


फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में बिना सूचना जंगल की ओर न जाएं और किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।


Spread the love