कांटा मशीन का खेल, 20 टन कोयला गायब! डेढ़ साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार आरोपी…
(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़|सारंगढ़
जांजगीर-चांपा: महावीर कोलवासरी में कोयले की तौल के नाम पर किए गए बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। कांटा मशीन में कथित हेराफेरी कर करीब 19.75 टन कोयला गायब करने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में लाखों रुपये के नुकसान का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, कोलवासरी प्रबंधन को तब शक हुआ जब कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर पहुंचे दो ट्रकों में लोड की गई मात्रा और वास्तविक कोयले में अंतर नजर आया। जांच के दौरान सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात कांटा ऑपरेटर ने कथित तौर पर ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना दूसरे वाहनों का वजन दर्ज कर पर्ची जारी कर दी थी।
जब दोनों ट्रकों को अनलोडिंग के बाद दोबारा तौला गया तो एक में 7.05 टन और दूसरे में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। इस तरह कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू की थी, लेकिन आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम खोहा में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गड़बड़ी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि कोयले की इस हेराफेरी में कहीं कोई और व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं था। जांच के दायरे को बढ़ाते हुए पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।









