Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

16/06/2026

गुटखे की लत ने उजाड़ दिया घर: पैसों के लिए बेटे ने मां की ले ली जान, कुछ घंटों में पहुंचा सलाखों के पीछे…

Spread the love

(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़|सारंगढ़

सक्ती। एक मां जिसने बेटे को जन्म दिया, पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे ने गुटखा खाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर उसकी जिंदगी छीन ली। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़िकोना से सामने आई यह घटना हर किसी को झकझोर देने वाली है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम घर में मौजूद तिहारिन बाई माली से उनका 25 वर्षीय बेटा लखन माली गुटखा खरीदने के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने पैसे देने से मना कर दिया, जिसके बाद मामूली सी बात ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में बेकाबू बेटे ने पहले अपनी मां के साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए जब बुजुर्ग महिला वहां से भागने लगीं, तब आरोपी ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया।

पत्थर का वार इतना गंभीर था कि महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मां की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस हरकत में आई और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन माली को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि नशे की लत के उस खतरनाक रूप को भी उजागर करती है, जो इंसान से उसके रिश्ते, संवेदनाएं और इंसानियत तक छीन लेती है। जिस मां ने बेटे को जीवन दिया, उसी की जान एक गुटखे की कीमत से भी सस्ती साबित हो गई।


Spread the love