खुड़िया के जंगल में सजी थी लाखों की जुए की महफिल, पुलिस ने मारी दबिश; 9 जुआरी गिरफ्तार, 7.33 लाख की संपत्ति जब्त…
मुंगेली। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोरमी थाना क्षेत्र के खुड़िया जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने अचानक छापा मारकर 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत कुल 7 लाख 33 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन बाज के तहत पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि खुड़िया क्षेत्र के ग्राम झिरिया महुआमाचा के जंगल में कुछ लोग बड़ी रकम का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और खुड़िया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी।
जंगल के बीच चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के चलते कोई भी भाग नहीं सका और सभी 9 आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों और जुआ फड़ से 53 हजार 500 रुपये नकद, 52 पत्तों की ताश, 8 मोबाइल फोन तथा 9 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7.33 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी मुंगेली, कबीरधाम और बिलासपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है। साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां बाउंड ओवर की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़









