रायगढ़ पुलिस में नई ऊर्जा की एंट्री: 18 प्रशिक्षु उप निरीक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी, SSP ने दिया जनसेवा का मंत्र…
आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस को 18 नए प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की सौगात मिली है। पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन अधिकारियों ने जिले में अपनी आमद दर्ज कराई है। अब इन्हें व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं से रूबरू कराया जाएगा, जिससे वे जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की चुनौतियों को समझ सकें।
पुलिस लाइन में आयोजित परिचय कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों का स्वागत किया और उन्हें पुलिस सेवा की वास्तविक जिम्मेदारियों से अवगत कराया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प भी है।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यवहारिक प्रशिक्षण का यह दौर उनके करियर की मजबूत नींव साबित होगा। फील्ड में कार्य करते हुए उन्हें न केवल कानून का पालन कराना है, बल्कि आम लोगों का विश्वास भी जीतना है। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और संवेदनशीलता को एक सफल पुलिस अधिकारी की सबसे बड़ी पहचान बताया।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस सेवा में जनता के साथ बेहतर संवाद और निष्पक्ष कार्यशैली ही किसी अधिकारी की वास्तविक पहचान बनाती है। उन्होंने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने वरिष्ठों के अनुभवों से सीखें और हर चुनौती को सीखने के अवसर के रूप में लें।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को अपराध विवेचना, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और जनसंपर्क के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने उन्हें सलाह दी कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान अधिक से अधिक अनुभव प्राप्त कर अपने पेशेवर कौशल को मजबूत बनाएं।
जानकारी के अनुसार, इन सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जिले के विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है, जहां वे पुलिसिंग की बारीकियों को करीब से समझेंगे और व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे।
रायगढ़ पुलिस का मानना है कि नई पीढ़ी के ये अधिकारी भविष्य में जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।









