सक्ती पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो चोरी की वारदातों का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
सक्ती, 31 मई 2026। सक्ती पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सक्ती में दर्ज अपराध क्रमांक 343/2025 एवं 88/2026 में अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी की घटनाएं की गई थीं। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
रविवार को थाना स्टाफ को मुखबिर से सूचना मिली कि करोरपारा सक्ती के पास एक व्यक्ति चोरी का सामान बेचने की फिराक में मोटरसाइकिल सहित खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भागीरथी साहू (27 वर्ष) निवासी डूमरपाली, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ बताया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ग्राम हरेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा सक्ती के वार्ड क्रमांक 6 स्थित एक मकान में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि जुआ खेलने की लत के कारण पैसों की जरूरत पड़ने पर वह चोरी करता था।
आरोपी ने सितंबर 2025 में हरेठी आंगनबाड़ी केंद्र से टीवी, टेबल पंखा, एग्जॉस्ट पंखा, ट्यूबलाइट और खाद्य सामग्री सहित लगभग 20 हजार रुपये के सामान की चोरी करना स्वीकार किया। वहीं जनवरी 2026 में बुधवारी बाजार क्षेत्र के एक सूने मकान का ताला तोड़कर चांदी के सिक्के, कांसे के बर्तन और नकदी सहित करीब 15 हजार रुपये की चोरी करना भी कबूल किया।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह कुछ दिन पहले ओडिशा के बेलपहाड़ से एक लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर लाया था और पूर्व में चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए सक्ती आया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन कांसे के गिलास, दो कांसे के कटोरे तथा एक लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी भागीरथी साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मिथुन सुल्तान, हेमंत राठौर तथा आरक्षक दीपक बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









