Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

10/06/2026

IPL सट्टे का बड़ा खुलासा : बंद पड़ी टॉकीज के सामने चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग का खेल, पुलिस ने दबोचा युवक…

Spread the love



रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आईपीएल मैच में हार-जीत पर दांव लगवाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नगदी रकम, मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी बरामद की गई है।

जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी भारत टॉकीज के सामने देर रात कुछ लोगों द्वारा आईपीएल मैच पर पैसे लगवाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन एक युवक मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मनीष भौमिक (38 वर्ष) निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में उसके पास से एक कागज मिला, जिसमें आईपीएल टीमों के नाम और लाखों के लेन-देन का हिसाब लिखा हुआ था। साथ ही 725 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है। पुलिस अब मोबाइल की डिजिटल जांच कर रही है, जिससे बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।

बताया जा रहा है कि रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब तक कई सटोरियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर चुकी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ समाज और युवाओं को बर्बाद करने वाला अपराध है। ऐसे नेटवर्क से जुड़े लोगों पर आने वाले दिनों में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love