बिर्रा चौक बना मौत का मोड़: तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली बाइक सवार की जान, गुस्साए ग्रामीणों में उबाल…
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बिर्रा चौक के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे एक ट्रेलर ने बाइक सवार को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुकदा गांव निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मण कुंभज के रूप में हुई है, जो अपने निजी कार्य से बिर्रा आए हुए थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे चौक के पास पहुंचे, तभी तेज गति से आ रहे भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद लोग दहल उठे और लक्ष्मण कुंभज ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ट्रेलर और अन्य भारी वाहन चालक मनमानी गति से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई और दुर्घटना की जांच जारी है।
क्षेत्रवासियों में इस घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों की मांग है कि दोषी वाहन चालक पर कड़ी कार्रवाई हो और बिर्रा क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर तत्काल नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार का चिराग इस तरह न बुझ जाए।
यह हादसा केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।









