सिमगा में 50 एकड़ शासकीय जमीन पर कब्जे का आरोप, सेठिया परिवार घिरा ।
रिपोर्टर _ दिलीप वर्मा
बलौदा बाजार जिले के सिमगा तहसील क्षेत्र के ग्राम चंदिया पथरा व समीप के गांवों के शासकीय जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। रायपुर निवासी सेठिया परिवार पर पचास एकड़ से अधिक भूमि पर कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उच्च स्तर पर शिकायत की है।
सिमगा तहसील के ग्रामीणों ने रायपुर निवासी सेठिया परिवार पर बड़े पैमाने पर शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि करीब पचास एकड़ से अधिक भूमि पर जबरन कब्जा किया गया है, जिसमें प्रस्तावित खेल मैदान और अस्पताल की जमीन भी शामिल बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से यह अतिक्रमण जारी है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
आरोप यह भी है कि संबंधित व्यक्ति राजनीतिक संरक्षण का हवाला देकर कार्रवाई से बचता रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में सूदखोरी का जाल भी फैलाया गया है, जिसमें ऊंची ब्याज दरों के जरिए लोगों को कर्ज में फंसाकर उनकी जमीनें हड़पी गई हैं।
इसके अलावा, सिलींग की जमीन पर भी कब्जे का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में कुछ प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं, इसके बावजूद विवादित भूमि का उपयोग जारी है, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन इन आरोपों की जांच कर क्या कदम उठाता है।









