बिलासपुर में रफ्तार का कहर: 4 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में उबाल…
आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिस्दा में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे खेल रहे 4 साल के मासूम को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम सतीश शुक्ला, जो अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के बांदा से रिश्तेदारी में आया था, इस दर्दनाक हादसे का शिकार बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाइवा (CG 10 BU 8567) तेज गति में थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सीधे बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे जल्द ही पकड़ लिया।
घटना की खबर मिलते ही गांव में गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मस्तूरी-जोंधरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालात तनावपूर्ण हो गए, लेकिन पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और स्थिति को काबू में किया।
प्रशासन ने तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की सहायता राशि घोषित की, जिसमें से 8 हजार रुपये मौके पर ही परिजनों को सौंप दिए गए। साथ ही आश्वासन दिया गया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर गृहग्राम भेजने की व्यवस्था की जाएगी और हादसे वाले स्थान पर जल्द ही स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे।
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है। गांव में शोक की लहर है और हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल—आखिर कब थमेगी सड़कों पर मौत की ये रफ्तार?









