कृषि विभाग दफ्तर में गुंडागर्दी! जानकारी मांगना पड़ा भारी, पत्रकार पर हमला – वकील से भी धक्का-मुक्की, CCTV में कैद पूरी घटना
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कृषि विभाग कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सूचना मांगने पहुंचे एक पत्रकार और वकील के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की घटना सामने आई। सरकारी दफ्तर में घटी इस घटना ने न सिर्फ प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 16 अप्रैल को वकील जनक बरेठ अपनी माता की किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्या को लेकर कृषि विभाग पहुंचे थे। उनके साथ स्थानीय पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जहां से उन्हें संबंधित अधिकारी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (REO) प्रवीण पटेल के पास भेजा गया।
आरोप है कि जब उन्होंने योजना से जुड़ी जानकारी मांगी और शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही, तो REO प्रवीण पटेल आपा खो बैठे। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उन्होंने पत्रकार का कॉलर पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए वकील को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिससे सच्चाई सामने आने की संभावना और मजबूत हो गई है।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। वहीं, पीड़ित पत्रकार और वकील ने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में आम नागरिकों और पत्रकारों के साथ हो रहे व्यवहार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
क्या अब जानकारी मांगना भी जोखिम भरा हो गया है?
क्या दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा?
अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है…









