सक्ती हादसे पर मुख्यमंत्री की संवेदना, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार सहायता की घोषणा…
सक्ती, 14 अप्रैल 2026।
जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कमिश्नर को जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत व पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।









