खाद्य विभाग की कार्रवाई : फरसवानी और बीरतराई में अनधिकृत गैस सिलेंडर भंडारण पकड़ा गया, 20 सिलेंडर जब्त

कोरबा, 10 अप्रैल 2026। खाद्य विभाग की टीम ने जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर आकस्मिक जांच के दौरान अनधिकृत रूप से रखे गए गैस सिलेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 सिलेंडर जब्त किए हैं।
खाद्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत फरसवानी स्थित सोनी टेंट हाउस की जांच के दौरान 08 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 01 वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर अनधिकृत रूप से संग्रहित पाए गए। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 09 सिलेंडर जब्त किए गए, जिन्हें उमरेली इंडेन गैस वितरक की अभिरक्षा में सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
इसी तरह ग्राम पंचायत बीरतराई (विकासखंड करतला) में संजय कुमार साहू के निवास पर की गई आकस्मिक जांच में 11 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। घरेलू गैस सिलेंडरों के वैध संधारण से संबंधित कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सभी 11 सिलेंडर जब्त कर एचपी गैस वितरक उरगा की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिए गए।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत भंडारण दंडनीय अपराध है। विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसी अनियमितताओं के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









